कांग्रेस के मुस्लिम विधायक बनाएंगे देश का सबसे बड़ा हनुमान मंदिर, कहा-इसके लिए चाहे किडनी क्यों ना बेचनी पड़े..

कांग्रेस के मुस्लिम विधायक बनाएंगे देश का सबसे बड़ा हनुमान मंदिर, कहा-इसके लिए चाहे किडनी क्यों ना बेचनी पड़े..

RANCHI: अपने बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है कि जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। दरअसल इरफान अंसारी ने यह ऐलान किया है कि वे देश का सबसे बड़ा बजरंग बली का मंदिर अपने विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में बनाएंगे। इसके लिए उन्हें किडनी बेचना पड़े तो बेचेंगे लेकिन बजरंग बली का भव्य मंदिर अपने क्षेत्र में बनाकर रहेंगे। इरफान अंसारी की इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर उनका यह बयान खूब वायरल होने लगा है। 


दरअसल इरफान अंसारी कर्नाटक विधानसभा में मिली जीत से काफी गदगद हैं। उनका कहना है कि बजरंग बली की कृपा से कांग्रेस ने कर्नाटक में भारी मतों से विजय हासिल की है। कांग्रेस को मिली इस अपार जीत का श्रेय राहुल गांधी और बजरंगबली को दे रहे हैं। इरफान अंसारी ने दावा कि बजरंगबली अब कांग्रेस के साथ हैं बजरंग बली की कृपा इसी तरह मिलती रही तो 2024 में भाजपा का देश से सफाया हो जाएगा। देशवासियों को बीजेपी से निजात मिल जाएगी जो किसी काम का नहीं है। 


बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिलने से जामताड़ा विधायक डॉ.इरफान अंसारी काफी खूश हैं। पार्टी की इस जीत की खुशी में वे हनुमान मंदिर में जाकर कांग्रेस की जीत के लिए बजरंगबली के प्रति आभार व्यक्त कर चुके हैं। बीते दिनों इरफान अंसारी ने कहा कि यह आम जनता की जीत है। इस जीत से हम काफी खूश है। बजरंगबली ने भाजपा की लंका को जला दिया है। कर्नाटक की देवतुल्य जनता ने झूठ, फरेब और नफरत को नकार कर सच्चाई, ईमानदारी और भाईचारे को अपनाया। कर्नाटक चुनाव में भाजपा ने सारे नीच हथकंडे अपनाकर लोगों को तोड़ने का काम किया लेकिन समझदार जनता ने कांग्रेस को बहुमत देकर भाजपा को मुंहतोड़ जवाब दिया है। 


बजरंगबली के आशीर्वाद से कांग्रेस ने कर्नाटक में अपना परचम लहराया। भाजपा इंसानों की आंखों में धूल झोंक सकती है लेकिन बजरंगबली को आंखों में नहीं। संकट मोचन बजरंगबली ने कर्नाटक की जनता को भाजपा के संकट से बचाया है अब वो पूरे देश की जनता को भाजपा से मुक्ति दिलाएंगे।इरफान अंसारी ने कहा कि भ्रष्ट भाजपा सरकार ने कर्नाटक में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी थी। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी से कर्नाटक की जनता त्रस्त थी। जिससे आज उन्हे मुक्ति मिली। 


उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने धर्म-जाति के नाम पर समाज को तोड़ने का भी प्रयास किया लेकिन उसके सारे मंसूबों पर पानी फिर गया। बजरंगबली के आशीर्वाद और जनता के समर्थन से भाजपा की सरकार पूरे देश हट जाएगी। मैं फिर एकबार कर्नाटक की जनता, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को ढेर सारी बधाई देता हूं। इस दौरान इरफान अंसारी ने बजरंगबली का जयकारा लगाया। कहा कि जिसके साथ भगवान हनुमान रहें उसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता।