बिहार: फेसबुक फ्रेंड से लड़की ने रचाई शादी, घर ले जाने के बदले स्टेशन पर छोड़कर भागा

1st Bihar Published by: Updated May 20, 2021, 5:07:47 PM

बिहार: फेसबुक फ्रेंड से लड़की ने रचाई शादी, घर ले जाने के बदले स्टेशन पर छोड़कर भागा

- फ़ोटो

BUXAR : बिहार के बक्सर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो काफी हैरान करने वाली है. दरअसल एक लड़की को स्टेशन पर छोड़कर उसका प्रेमी फरार हो गया. जब आरपीएफ और जीआरपी पुलिस को इसकी सूचना मिली तो हड़कंप मच गया. पुलिसवालों ने आनन-फानन में प्रेमी की खोजबीन शुरू की लेकिन वह कहीं नहीं मिला.


इस घटना के संबंध में जानकारी मिली है कि आरोपी लड़का बलिया जिले के बैरिया थाना के मिर्जापुर गांव वाला विवेक वर्मा है, जो कुशीनगर थाना के अहिरौली की रहनेवाली प्रगति सिंह को बक्सर स्टेशन पर छोड़कर भाग गया. बताया जा रहा है कि विवेक और प्रगति फेसबुक पर मिले थे. दोनों के बीच चैटिंग शुरू हो गई. दोनों एक दूसरे के इतने करीब आ गए कि उन्होंने शादी रचा ली. 


शादी के बाद विवेक प्रगति को लेकर पुणे चला गया. दोनों कुछ दिन तक पुणे में रहे. बताया जा रहा है कि विवेक पुणे में अच्छी नौकरी करता था. लेकिन लॉकडाउन लगने के बाद से कंपनी ने मंदी का बहाना बनाकर विवेक को नौकरी से निकाल दिया. ऐसे में बेरोजगारी से परेशान होकर उसने पत्नी के साथ वापस अपने घर लौटने का फैसला किया. 


विवेक अपनी पत्नी के साथ पटना-पुणे एक्सप्रेस से बक्सर पहुंचा. यहां से दोनों बलिया जानेवाले थे. वह प्रगति को ये कहकर गया कि गाड़ी का इंतजाम करके वापस आ रहा है, लेकिन वह वापस नहीं आया. प्रगति बक्सर स्टेशन पर कई घंटे बैठी रही. वह विवेक का इंतजार करती रही लेकिन विवेक लौटकर आया ही नहीं. घंटों इंतजार के बाद जब पुलिसकर्मियों ने महिला को अकेला देखकर पूछा तो उसने अपनी यह व्यथा स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बताई, जिसके बाद रेलवे पुलिस हरकत में आई और लड़के को खोजने का काम शुरु कर दिया गया.


पीड़ित लड़की प्रगति ने बताया कि उसने फोन पर विवेक से बात की लेकिन विवेक ने कॉल रिसीव कर कहा कि वह उसे लेकर बलिया नहीं जायेगा. महिला ने आगे बताया कि पति उसके साथ पुणे में मारपीट भी करता था. महिला की बात सुनने के बाद बक्सर रेल पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. बाद में महिला ने ससुराल बलिया जाने की इच्छा जताई, जिस पर पुलिसकर्मियों ने उसे बलिया भेज दिया.