1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Mar 17, 2024, 3:40:03 PM
- फ़ोटो
ARA: भोजपुर के आरा में शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गई। घर के इकलौते बेटे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि बदमाशों ने हत्या करने के बाद उनके बेटे के शव को तालाब में फेंक दिया है। घटना संदेश थाना क्षेत्र के खनगांव की है।
जानकारी के अनुसार, चांदी थाना क्षेत्र के खनगांव गांव निवासी पप्पू रवानी का 17 वर्षीय बेटा गोलू कुमार है, जो पेशे से ट्रैक्टर चालक था। गोलू की बहन की शादी तय हो गई थी और रविवार को उसका छेका जाने वाला था। गोलू रविवार की सुबह घर से करीब दस बजे यह बोलकर निकला था कि वह कपड़ा खरीदने जा रहा है।
गोलू के लौटने में देर हुई तो उसकी मां ने उसे फोन किया तो उसने बताया कि वह एक टेलर बालू गिराकर वापस आ जाएगा लेकिन वह घर वापस नहीं लौटा। उसके कुछ ही देर बाद किसी ने फोन कर परिवार वालों को खबर दी कि गोलू लोदीपुर गांव स्थित पोखरे के पास बेहोश पड़ा है। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो गोलू को मृत पाया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।