JHARKHAND: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC परियोजना में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के काम के दौरान बेल्ट टूटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा टंडवा NTPC परियोजना के CHP JH-1 लोकेशन पर हुआ। यहां ऊंचाई पर कन्वेयर बेल्ट निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान कन्वेयर बेल्ट टूट गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर हादसे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही NTPC के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर स्ट्रक्चरल डिजाइन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।
इस हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि चतरा स्थित NTPC में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।





