DELHI: देश की राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर आ रही है, जहां सेप्टिक टैंक साफ करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गयी। तीनों की पहचान अजित सिंह के पुत्र अरुण सिंह (38 साल), पालेराम के पुत्र संदीप (32 साल) और चांद के पुत्र राजू (42 साल) के रूप में हुई है। तीनों मृतक सुल्तानपुरी की इंद्रा झील इलाके के रहने वाले थे।
दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके निवासी अरुण सिंह (38), संदीप (32) और राजू (42) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से वे बेहोश हो गए। घटना के समय किसी भी मजदूर ने सुरक्षा उपकरण नहीं पहन रखा था।
जानकारी के अनुसार, जब काफी देर तक टैंक के अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो वहां मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को दी गई। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दोपहर 12:03 बजे घटना की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया, लेकिन दोनों वाहन रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम में फंस गए। इसके बाद टिकरी मार्ग से एक अन्य रेस्क्यू वाहन को घटनास्थल के लिए भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव दल के मौके पर पहुंचने के बाद तीनों मजदूरों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद फायर विभाग ने मामले की जानकारी उपमंडल पदाधिकारी (SDM) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) को दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।





