DESK: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार को लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसी के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर उसके नाम से लोन लिया, फिर बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली और विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया।
पीड़िता प्रिया, निवासी सलीमपुर चौकी (थाना मिल एरिया), ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि उसका विवाह लगभग चार वर्ष पहले विजय पुत्र राम प्रकाश, निवासी उफरापुर मजरे खसपरी, थाना मिल एरिया के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। दोनों का एक दो वर्षीय बच्चा भी है।
महिला का आरोप है कि पति विजय ने उसके आधार कार्ड का उपयोग कर 50 हजार रुपये का लोन लिया। इसके बाद 9 अगस्त 2026 को उसने गांव की ही एक युवती राधिका से बिना कानूनी तलाक लिए दूसरी शादी कर ली।
प्रिया का कहना है कि जब उसने दूसरी शादी का विरोध किया, तो पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। उसने एसपी को दिए आवेदन में अपने और अपने बच्चे की सुरक्षा तथा न्याय की मांग की है।
पीड़िता ने कहा कि उसके साथ दो साल का बच्चा है और घर से निकाले जाने के बाद वह बेघर हो गई है। उसने आरोप लगाया कि पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर उसने विरोध किया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





