DESK: मुंबई में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW कार फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक अहमदाबाद, गुजरात के रहने वाले थे और मुंबई में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे लोटस जेट्टी के पास हुआ। BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। दुर्घटना के बाद चारों घायलों को तत्काल नजदीकी नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनाय गज्जल BMW चला रहा था। कार में उसके अलावा तीन अन्य युवक सवार थे। 20 वर्षीय ओन्मय आदित्य ओसवाल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों युवक अहमदाबाद के रहने वाले थे और मुंबई के NMIMS कॉलेज, जुहू में पढ़ाई कर रहे थे। हादसा उस वक्त हुआ, जब वे मरीन ड्राइव से लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मृतकों के मुंबई में रहने वाले रिश्तेदारों को दे दी गई है। परिजनों के गुजरात से मुंबई के लिए रवाना होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।





