KARNATAKA: कर्नाटक के कोडागु (कूर्ग) जिले स्थित डुबारे एलीफेंट कैंप में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। दो हाथियों की लड़ाई के दौरान एक महिला पर्यटक की मौत हो गई, जबकि एक पुरुष और उसकी गोद में मौजूद बच्चा बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु निवासी 33 वर्षीय तुलसी अन्य पर्यटकों के साथ नदी किनारे खड़ी होकर हाथियों को नहलाते हुए देख रही थीं। उसी दौरान नदी में मौजूद कंजन और मार्तंडा नाम के दो हाथी अचानक बेकाबू हो गए और आपस में लड़ने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लड़ाई के दौरान एक हाथी धक्का लगने से संतुलन खो बैठा और महिला पर्यटक के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में महिला की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
डुबारे एलीफेंट कैंप कावेरी नदी के किनारे स्थित एक प्रमुख इको-टूरिज्म और हाथी प्रशिक्षण केंद्र है। इसका संचालन कर्नाटक वन विभाग और जंगल लॉजेस एंड रिसॉर्ट्स द्वारा किया जाता है। गर्मियों के मौसम में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और हाथियों को नहलाने, खाना खिलाने तथा उनके साथ समय बिताने जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं।
घटना के बाद राज्य सरकार ने कैंप में सुरक्षा नियम और सख्त कर दिए हैं। ईश्वर खंड्रे ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पर्यटकों को हाथियों से सुरक्षित दूरी पर रखा जाए। नई गाइडलाइन के तहत अब पर्यटक हाथियों के साथ सेल्फी नहीं ले सकेंगे और उन्हें खाना खिलाने या नहलाने की अनुमति भी नहीं होगी। हाथियों की सूंड छूने और उनके पास खड़े होकर फोटो खिंचवाने पर भी रोक लगा दी गई है।





