ब्रेकिंग
Bihar Chhath Festival : एक ही छठी मईया, लेकिन पूजा के तरीके अलग! मगध में कसार तो मिथिला में भुसवा, कहीं भरते हैं कोसी तो कहीं जगाते हैं डाला✦अनंत सिंह की बेटी की शादी में 150 से ज्यादा पकवानों की दावत! 4 लाख मेहमानों के लिए क्या-क्या बनेगा, जानिए पूरा मेन्यू✦Nitish Setu : नीतीश कुमार के नाम पर क्यों रखा गया पुल का नाम? CM सम्राट चौधरी ने बताई वजह, 2012 और 2015 से जुड़ा है पूरा कनेक्शन✦बिहार में 974 एकड़ जमीन पर सरकार का बड़ा एक्शन! बेतिया राज के 224 प्लॉट होंगे सरकारी, 40 साल पुराने कब्जाधारियों को मिलेगा मालिकाना हक?✦Darbhanga Crime News: खरना की रात कट्टे के दम पर दबंगई! युवक के सिर पर हथियार सटाया, ग्रामीण पहुंचे तो बाइक छोड़कर भागे आरोपी✦Bihar Chhath Festival : एक ही छठी मईया, लेकिन पूजा के तरीके अलग! मगध में कसार तो मिथिला में भुसवा, कहीं भरते हैं कोसी तो कहीं जगाते हैं डाला✦अनंत सिंह की बेटी की शादी में 150 से ज्यादा पकवानों की दावत! 4 लाख मेहमानों के लिए क्या-क्या बनेगा, जानिए पूरा मेन्यू✦Nitish Setu : नीतीश कुमार के नाम पर क्यों रखा गया पुल का नाम? CM सम्राट चौधरी ने बताई वजह, 2012 और 2015 से जुड़ा है पूरा कनेक्शन✦बिहार में 974 एकड़ जमीन पर सरकार का बड़ा एक्शन! बेतिया राज के 224 प्लॉट होंगे सरकारी, 40 साल पुराने कब्जाधारियों को मिलेगा मालिकाना हक?✦Darbhanga Crime News: खरना की रात कट्टे के दम पर दबंगई! युवक के सिर पर हथियार सटाया, ग्रामीण पहुंचे तो बाइक छोड़कर भागे आरोपी

Bihar Chhath Festival : एक ही छठी मईया, लेकिन पूजा के तरीके अलग! मगध में कसार तो मिथिला में भुसवा, कहीं भरते हैं कोसी तो कहीं जगाते हैं डाला

बिहार में छठ पूजा की आस्था एक है, लेकिन परंपराएं अलग-अलग हैं। मगध में कसार और कोसी भरने का विधान है तो मिथिला में भुसवा, डाला जगाने और नेटुआ नचाने की रस्म प्रचलित है। जानिए दोनों क्षेत्रों की छठ के बीच दिलचस्प अंतर।

Bihar Chhath Festival : एक ही छठी मईया, लेकिन पूजा के तरीके अलग! मगध में कसार तो मिथिला में भुसवा, कहीं भरते हैं कोसी तो कहीं जगाते हैं डाला
Tejpratap
Tejpratap
6 मिनट

बिहार में छठ महापर्व की आस्था एक है, सूर्य देव और छठी मईया की आराधना भी एक है, लेकिन इसे मनाने के तरीके अलग-अलग हैं। कहीं गांव के पुराने पोखरों में पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच अर्घ्य दिया जाता है तो कहीं गंगा, सोन और पुनपुन की बहती धाराओं में लाखों श्रद्धालु डूबते सूर्य को नमन करते हैं। कहीं छठी मईया को ठेकुआ के साथ कसार का भोग लगाया जाता है तो कहीं भुसवा की खुशबू से घर-आंगन महक उठता है। यही नहीं, शाम और सुबह के अर्घ्य के बीच सूप सजाने की परंपरा भी दोनों क्षेत्रों में अलग है।

दरअसल, मगध और मिथिलांचल की छठ परंपराएं बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति की ऐसी तस्वीर पेश करती हैं, जिसमें आस्था के साथ सदियों पुरानी परंपराओं और स्थानीय जीवनशैली की झलक मिलती है। दोनों क्षेत्रों में भगवान सूर्य और छठी मईया के प्रति अटूट विश्वास है, लेकिन पूजा के विधान, प्रसाद, घाटों और लोक रीति-रिवाजों में कई दिलचस्प अंतर देखने को मिलते हैं।

पोखरों की परंपरा से लेकर गंगा के घाटों तक अलग अंदाज

मिथिलांचल में छठ पूजा के लिए पारंपरिक पोखरों का विशेष महत्व है। गांव के पुराने तालाबों और पोखरों के किनारे व्रती पूरे विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित करते हैं। ज्योतिष आचार्य पंडित राकेश झा के अनुसार, मिथिला में शाम के अर्घ्य के बाद डाला जगाने की विशेष परंपरा है।

इसमें व्रती घर लौटकर आंगन में चावल के आटे से अरिपन बनाती हैं। इसके ऊपर डाला रखकर विशेष विधि से पूजा की जाती है। इस दौरान छठी मईया के साथ ग्राम देवता, कुल देवी और अन्य देवी-देवताओं के पारंपरिक गीत गाए जाते हैं। अगले दिन सुबह इसी डाला को लेकर व्रती दोबारा घाट पहुंचती हैं और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं।

वहीं, मगध क्षेत्र में गंगा और दूसरी नदियों के घाटों पर छठ की अलग छटा देखने को मिलती है। यहां मन्नत पूरी होने पर कोसी भरने की परंपरा काफी प्रचलित है। इसमें बिना काटे-छांटे गन्ने से चारों तरफ घेरा बनाया जाता है। बीच में मिट्टी के हाथी रखे जाते हैं और उनके ऊपर चौमुखी दीपक जलाया जाता है। इसके बाद लोकगीतों के जरिए छठी मईया की आराधना की जाती है।

मिथिला में जीवनभर छठ करने की मान्यता, मगध में अलग परंपरा

छठ व्रत को लेकर दोनों क्षेत्रों की मान्यताओं में भी अंतर है। मिथिलांचल में ऐसी परंपरा है कि जो महिला एक बार छठ व्रत शुरू कर देती है, वह अपनी शारीरिक क्षमता रहने तक हर साल इसे जारी रखती है। किसी भी परिस्थिति में व्रत नहीं छोड़ने की मान्यता यहां विशेष रूप से प्रचलित है।

इसके उलट मगध क्षेत्र में छठ व्रत को बीच में छोड़ने और फिर से शुरू करने की परंपरा भी देखने को मिलती है। पूजा कराने के तरीके में भी अंतर है। सूर्य उपासना के लिए पुरोहित की अनिवार्यता नहीं है, लेकिन मगध के कई घाटों पर पुरोहित विधि-विधान से पूजा कराते हैं।

खरना के प्रसाद को लेकर भी दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग रीति है। मगध में व्रती के प्रसाद ग्रहण करने के बाद बचे प्रसाद को परिवार के दूसरे सदस्य भी खाते हैं, जबकि मिथिला में इसे लेकर अलग परंपरा है। इसी तरह मिथिला में स्थिर जल यानी पोखरों में और मगध में प्रवाहित जलधारा के बीच अर्घ्य देने की परंपरा प्रमुख है।

कसार और भुसवा के स्वाद में छिपी है क्षेत्रीय पहचान

छठ का प्रसाद भी मगध और मिथिला की सांस्कृतिक विविधता को बयां करता है। मगध में गेहूं के आटे और शुद्ध घी से तैयार ठेकुआ के साथ चावल के आटे और गुड़ से बना कसार विशेष रूप से छठी मईया को अर्पित किया जाता है।

वहीं, मिथिलांचल में इसी तरह के पारंपरिक प्रसाद को भुसवा कहा जाता है। यहां स्थानीय कृषि और खानपान की परंपरा का प्रसाद बनाने के तरीके पर गहरा प्रभाव रहा है। धान की फसल और स्थानीय चावल की किस्मों से जुड़ी परंपराओं के कारण भुसवा का अपना अलग महत्व है।

सुबह के अर्घ्य में भी बदल जाता है सूप सजाने का तरीका

मिथिला और मगध की छठ पूजा में सबसे दिलचस्प अंतर सूप सजाने को लेकर है। मिथिलांचल में शाम के अर्घ्य के समय सूप में जो फल और प्रसाद सजाए जाते हैं, वही अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के समय भी रहते हैं। इसमें बदलाव नहीं किया जाता।

इसके विपरीत मगध में शाम के अर्घ्य के बाद सूप को नए सिरे से सजाने की परंपरा है। सुबह के अर्घ्य के लिए ठेकुआ और फल बदले जाते हैं और प्रसाद को फिर से व्यवस्थित किया जाता है। मिथिला में मनौती सूप बनाने और घाट पर नेटुआ नचाने की परंपरा भी देखने को मिलती है।

संतान प्राप्ति की कामना से जुड़ी है नेटुआ नचाने की परंपरा

मिथिलांचल की छठ पूजा में नेटुआ नचाने की परंपरा भी काफी खास मानी जाती है। मान्यता है कि जिन महिलाओं को संतान प्राप्ति में कठिनाई होती है, वे छठ के अवसर पर घाट पर अपने आंचल पर नेटुआ नचाती हैं। ऐसी लोकमान्यता है कि इस परंपरा को निभाने से संतान सुख की प्राप्ति होती है। वहीं, मगध क्षेत्र के उलार सहित कुछ सूर्य मंदिरों में भी अपनी अलग-अलग पारंपरिक मान्यताएं और रीति-रिवाज प्रचलित हैं।

कुल मिलाकर, मगध और मिथिला की छठ परंपराएं बताती हैं कि बिहार में एक ही महापर्व कितने अलग-अलग रंगों में मनाया जाता है। पूजा का तरीका, प्रसाद का स्वाद और लोकगीतों की धुन भले बदल जाए, लेकिन दोनों क्षेत्रों में आस्था की डोर एक ही है। यही विविधता छठ को सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बिहार की जीवंत सांस्कृतिक विरासत बनाती है।