DESK: तेलंगाना के हैदराबाद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां मैराथन में दौड़ पूरी कर मेडल हासिल करने वाले 36 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कुछ ही देर बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान कोम्मिनेनी गोपी के रूप में हुई है। वह आईटी कंपनी IBM में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक, रविवार 1 नवंबर की सुबह हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में NEB की ओर से मैराथन का आयोजन किया गया था। इसमें मणिकोंडा की अलकापुर कॉलोनी के रहने वाले कोम्मिनेनी गोपी ने भी हिस्सा लिया था। उन्होंने पूरी मेहनत और उत्साह के साथ मैराथन पूरी की। इसके बाद उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया गया।
मैराथन पूरी करने के बाद गोपी काफी खुश थे। वह नाश्ता करने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आयोजकों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में नजदीकी केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हुई है। हालांकि, उनकी अचानक हुई मौत से मैराथन में शामिल प्रतिभागियों और आयोजकों के बीच शोक का माहौल है।
जिस मैराथन में गोपी स्वस्थ रहने के उद्देश्य से शामिल हुए थे, उसे सफलतापूर्वक पूरा करने और मेडल जीतने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वही साथ काम करने वाले कर्मचारी भी इस घटना से सदमें में है।





