JHARKHAND: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवती की संदिग्ध मौत के बाद उसके मंगेतर ने अंतिम संस्कार से पहले शव की मांग में सिंदूर भरकर प्रतीकात्मक रूप से शादी की रस्में निभाईं। इस पूरे मामले में युवक को युवती की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों ने करीब चार महीने पहले ही युवक मनीष मुर्मू और युवती की शादी तय कर दी थी। सगाई के बाद मनीष अपनी मंगेतर को अपने घर ले आया था और दोनों साथ रह रहे थे। युवती के परिजनों का आरोप है कि शादी के नाम पर उसे जबरन आरोपी के घर में रखा गया। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। युवती के पिता ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि जब उन्होंने शादी को लेकर दबाव बनाया तो शुक्रवार सुबह उन्हें सूचना दी गई कि उनकी बेटी की हालत गंभीर है। इसके बाद परिजन तुरंत मनीष के घर पहुंचे और युवती को सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायत में पिता ने आरोप लगाया है कि मनीष ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की और शादी से बचने के लिए उसे जहर खाने पर मजबूर किया। उनका दावा है कि जहर खाने की वजह से ही युवती की मौत हुई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद दोनों परिवारों ने शव लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस शव को थाने ले गई और पूरी रात वहीं रखा गया। शनिवार को पुलिस सुरक्षा के बीच शव को मनीष के गांव लाया गया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। युवती के परिवार की मांग पर आरोपी मनीष को भी पुलिस हिरासत में वहां लाया गया। इसके बाद उसने अपनी मंगेतर की मांग में सिंदूर भरा और अंतिम संस्कार से पहले शादी की अन्य रस्में निभाईं। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी मनीष मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





