DESK: बिहार में 10 साल से शराबबंदी लागू है, शराब पीने और बेचने की सख्त पाबंदी है। बिहार के बाद अब मध्य प्रदेश में शराबबंदी की मांग महिलाएं कर रही हैं। मध्य प्रदेश के बालाघाट में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर पिछले 80 दिनों से महिलाओं का आंदोलन लगातार जारी है। इसी दौरान शराब के नशे में धुत होकर धरनास्थल पर पहुंचे एक व्यक्ति को उसकी पत्नी ने अन्य महिलाओं की मदद से बिजली के खंभे से बांध दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल यह मामला मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बूढ़ी क्षेत्र का है । जहां पिछले करीब 45 वर्षों से संचालित देसी और विदेशी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का आंदोलन लगातार जारी है। करीब 80 दिनों से धरने पर बैठी महिलाओं के आंदोलन ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब आंदोलन में शामिल एक महिला का पति वहां नशे में धुत होकर पहुंच गया और हंगामा करने लगा। तभी धरना पर बैठी पत्नी ने अपने शराबी पति को सार्वजनिक रूप से बिजली के खंभे से बांध दिया।
29 जून की शाम में संजू चौधरी शराब के नशे में धुत होकर धरनास्थल पर पहुंचा था। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा और हंगामा करने लगे। इससे नाराज उनकी पत्नी ने अन्य महिलाओं की मदद से उन्हें पकड़ लिया और बीच सड़क पर स्थित बिजली के खंभे से रस्सी के सहारे हाथ-पैर बांध दिया। साथ ही मुंह पर भी सेलो टेप चिपका दिया। इस पूरे दृश्य को वहां पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पत्नी बोली- आंदोलन को कमजोर नहीं होने दूंगी
संजू चौधरी की पत्नी ने कहा कि शराब की लत ने उनके परिवार की खुशियां छीन ली हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले लगभग तीन महीनों से क्षेत्र की अन्य महिलाओं के साथ शराब की दुकान हटाने के लिए आंदोलन कर रही हैं, लेकिन उनका अपना पति शराब पीकर आंदोलन को बदनाम और कमजोर करने की कोशिश कर रहा था। ऐसे व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया और काफी प्रयास के बाद संजू चौधरी को खंभे से मुक्त कराया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
80 दिनों से जारी है महिलाओं का आंदोलन
बूढ़ी क्षेत्र की महिलाएं पिछले 80 दिनों से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठी हैं। उनका आरोप है कि इस दुकान के कारण इलाके का माहौल बिगड़ रहा है, घरेलू हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं और परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भी बुरा असर पड़ रहा है। आंदोलनकारी महिला मंजीता सोनवाने ने कहा कि शराब ने कई परिवारों को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रशासन इस शराब की दुकान को क्षेत्र से नहीं हटाता, तब तक महिलाओं का आंदोलन और धरना लगातार जारी रहेगा।





