MUMBAI: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के दिन मुंबई में कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
इस बार धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर के साथ-साथ गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। 23 अक्टूबर के बाद से अमिताभ बच्चन के बंगले को पांचवीं बार धमकी मिलने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय स्थित मेयर के कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क और शहर के कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया है।
दिलजीत के कॉन्सर्ट पर हमले और 30 दिनों तक ग्रेनेड धमाकों की चेतावनी
धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का उल्लेख किया गया है। इसमें 'बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)' और 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का नाम लेते हुए दावा किया गया है कि यदि मुंबई में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित हुआ तो शहर में लगातार 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले किए जाएंगे।
दिलजीत दोसांझ का मुंबई कॉन्सर्ट 27 नवंबर को प्रस्तावित है। इस धमकी के बाद कार्यक्रम और आसपास के इलाकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
बेंगलुरु कॉन्सर्ट को भी मिली थी IED धमाके की धमकी
मुंबई से पहले दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर भी धमकी सामने आई थी। दो दिन पहले ईमेल के जरिए 29 नवंबर को बेंगलुरु के मदावारा स्थित NICE ग्राउंड्स में होने वाले उनके कार्यक्रम के दौरान IED धमाका करने की चेतावनी दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण आयोजनों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर एजेंसियां सतर्क हैं।
12 नवंबर को भी मिला था धमकी भरा ईमेल
अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा', BMC मुख्यालय और मुंबई के कई प्रमुख स्थानों को पहले भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसी महीने 12 नवंबर को मिले एक धमकी भरे ईमेल के बाद मुंबई में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
उस ईमेल में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महालक्ष्मी स्टेडियम, मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
अमिताभ और अभिषेक बच्चन को भी मिल चुकी है जान से मारने की धमकी
इससे पहले 18 नवंबर को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी थी। पोस्ट में उसने दावा किया था कि बुलेटप्रूफ केबिन भी उन्हें बचा नहीं पाएंगे।
वहीं, 23 अक्टूबर और 6 नवंबर को भी ईमेल के जरिए अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। लगातार मिल रही इन धमकियों के बीच अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। 1 नवंबर को वह बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से अपने प्रशंसकों से मिलने पहुंचे थे। फिलहाल लगातार मिल रही धमकियों ने मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।






