Bihar Crime News: बिहार के वैशाली से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर के बाहर सो रही अपनी चाची पर भी धारदार हथियार से वार कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर बांथू गांव की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी दिलीप मांझी मानसिक रूप से कमजोर है। आरोपी की बहन ने बताया कि घर में रात को खाना खाने के बाद उसका आरोपी भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सोने चला गया था। देर रात अचानक दिलीप मांझी ने अपनी पत्नी चांदनी देवी का गला रेत दिया।
इसके बाद वह कमरे से बाहर निकला और सो रही अपनी चाची धनमन्ती देवी पर धारदार हथियार से कई वार कर दिया। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा तब उसने अपने पिता पर हमला करने का प्रयास किया लेकिन उसके पिता ने दरवाजा नहीं खोला और शोर मचाना शुरू कर दिया।
जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया हालांकि सुबह में लोगो ने उसे पकड़ लिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।





