Bihar Crime News: बिहार के वैशाली के कटहरा में अपराधियों ने एक दुकान सह आवास पर बमबारी कर दी। देर रात हुए इस विस्फोट से इलाके में सनसनी फैल गई, हालांकि परिवार के 6 लोग बाल-बाल बच गया मामला कटहरा थाना क्षेत्र के करहटिया बुजुर्ग गांव का है।
देर रात करीब 2:30 बजे रामनाथ राय अपने तीन पोते और एक पोती समेत परिवार के छह सदस्यों के साथ दुकान से सटे चौकी पर सोए हुए थे। तभी तेज धमाके की आवाज से उनकी नींद खुली। देखा तो दुकान से धुआं उठ रहा था। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दो बम फेंके थे।
एक बम दुकान पर फटा जिससे आग लग गई और सामान जल गया, जबकि दूसरा बम घर के बाहर सो रहे परिवार के पास फेंका गया जो फटा नहीं। पुलिस ने मौके से जिंदा बम बरामद किया जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया। दुकान में बिखरे बम के मलबे को जब्त कर लिया गया है। सूचना मिलते ही गश्ती दल में तैनात सब इंस्पेक्टर सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बाद में फोरेंसिक टीम और महुआ अंचल निरीक्षक रणवीर कुमार झा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।पीड़ित रामनाथ राय ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि घटना से पहले जीविका दीदी के सीएम से कुछ बिंदुओं को लेकर उनके परिवार की महिलाओं से विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर जीविका दीदी के परिवार के प्रशांत कुमार समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। आरोप है कि जान मारने की नियत से सोते अवस्था में बम से हमला किया गया।





