Karmabhoomi Express Fire: पंजाब से बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा के पास सराय वंजारा गांव के नजदीक हुई।
आग लगने के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच दहशत फैल गई और कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि आग पर काबू पा लिया गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन में आग लगने के बाद चारों तरफ धुआं फैल गया। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें घटनास्थल से दूर-दूर तक धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यात्री डर के कारण ट्रेन से बाहर निकलकर खड़े नजर आ रहे हैं।
शुरुआत में कई यात्रियों के आग की चपेट में आने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली। रेलवे की ओर से आग पर काबू पाने के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
ट्रेन में आग लगने की घटना को रेलवे ने गंभीरता से लिया है। रेलवे ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में आग लगने के सभी संभावित कारणों और पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। रेलवे की जांच के बाद ही घटना के कारणों और इससे हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।
कर्मभूमि एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन (पश्चिम बंगाल) से अमृतसर जंक्शन (पंजाब) के बीच चलती है। शुक्रवार को इसी ट्रेन में पटियाला के पास आग लगने की घटना हुई। फिलहाल सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की सूचना है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।





