Crime News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने ही रिश्ते के ममिया ससुर के साथ घर छोड़कर चली गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को खोज निकाला, लेकिन महिला पति और बच्चों के पास लौटने को तैयार नहीं है। थाने में पति और बच्चों के आंसू भी महिला का फैसला नहीं बदल सके। आखिरकार पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश कर दिया है।
मामला मैनपुरी के एक कस्बे के गांव का है। जानकारी के मुताबिक, बीती 15 अगस्त को गांव की रहने वाली महिला शाहजहांपुर के कूंटा गांव निवासी एक युवक के साथ अचानक घर से गायब हो गई थी। बताया जा रहा है कि युवक रिश्ते में महिला का ममिया ससुर लगता है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुरुआत फोन पर लंबी-लंबी बातचीत से हुई और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। इसके बाद दोनों ने घर से भागने की योजना बनाई और महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई।
पत्नी के अचानक गायब होने के बाद पति ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने पुलिस से पत्नी को खोजने की गुहार लगाई। पति की शिकायत पर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने जांच के बाद महिला और उसके प्रेमी को खोज निकाला और दोनों को थाने ले आई।
गुरुवार को जब पति अपने बच्चों के साथ थाने पहुंचा तो वहां का माहौल भावुक हो गया। बच्चे अपनी मां को देखकर रोने लगे। उन्होंने मां का आंचल पकड़कर घर वापस चलने की मिन्नतें कीं। बच्चों ने रोते हुए मां से लौट आने की गुहार लगाई। पति भी पत्नी के सामने भावुक होकर उसे समझाता रहा।
परिवार को उम्मीद थी कि बच्चों के आंसू देखकर महिला का फैसला बदल जाएगा, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। महिला ने साफ कह दिया कि वह अब पति और बच्चों के पास वापस नहीं लौटेगी और अपने प्रेमी के साथ ही जाना चाहती है।
महिला के फैसले के बाद पति और बच्चों की उम्मीदें टूट गईं। थाने में मौजूद लोग भी इस पूरे घटनाक्रम को देखकर हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए महिला को न्यायालय में पेश कर दिया। अब मामले में आगे का फैसला न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार होगा। वहीं, मां के वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठे बच्चों को मायूस होकर लौटना पड़ा।





