Bihar Crime News: सीतामढ़ी में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 8 लाख 30 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बबुरबन निवासी संतोष मंडल ने पूर्व सर्वे पदाधिकारी पूजा भारती, उसकी मां गीता देवी और भाई आदित्य कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, संतोष मंडल वर्तमान में बोखड़ा प्रखंड के मनरेगा विभाग में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। दिसंबर 2023 में उनका संपर्क वैशाली जिले के गाजीपुर गराही निवासी पूजा भारती से हुआ था। उस समय पूजा भारती बाजपट्टी पंचायत में सर्वे पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थीं। आरोप है कि उन्होंने संतोष मंडल को मद्य निषेध विभाग में मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप के मुताबिक, पूजा भारती संतोष मंडल को अपने घर भी ले गईं, जहां उनकी मां गीता देवी और भाई आदित्य कुमार ने भी नौकरी दिलाने की बात कही। आरोपितों ने नौकरी लगवाने के एवज में कुल 12 लाख रुपये की मांग की। उनके झांसे में आकर संतोष मंडल ने मैट्रिक, इंटर, आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत अपने मूल दस्तावेज भी उन्हें सौंप दिए।
प्राथमिकी में बताया गया है कि 9 दिसंबर 2023 से 16 जून 2024 के बीच संतोष मंडल ने अलग-अलग तारीखों पर बैंक चेक, फोन-पे और क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 8 लाख 30 हजार रुपये आरोपितों के खातों में ट्रांसफर किए। हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी उन्हें नौकरी नहीं मिली।
युवक का आरोप है कि कुछ समय बाद पूजा भारती बाजपट्टी स्थित अपना किराये का कमरा खाली कर मोबाइल फोन बंद कर सीतामढ़ी से लापता हो गईं। इसके बाद संतोष मंडल ने वैशाली जिले स्थित उनके गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई। वहां ग्रामीणों ने कथित तौर पर बताया कि उक्त परिवार नौकरी दिलाने के नाम पर पहले भी कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। इसके बाद संतोष मंडल ने पूजा भारती, गीता देवी और आदित्य कुमार के खिलाफ बाजपट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





