होली के जश्न के बीच युवक की चाकू गोदकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात को दिया अंजाम

शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने खौफनाक रूप ले लिया। 35 वर्षीय विनोद राय की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण कुमार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 03, 2026, 4:13:17 PM

होली के जश्न के बीच युवक की चाकू गोदकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात को दिया अंजाम

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र में पुरानी दुश्मनी ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। 35 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मुजफ्फरपुर और शिवहर की सीमा पर स्थित एक गेहूं के खेत से युवक का शव बरामद किया है।


मृतक की पहचान गंगा धरमपुर वार्ड नंबर 6 निवासी किशोरी राय के पुत्र विनोद राय के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।


पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

परिजनों के अनुसार, इस घटना की जड़ वर्ष 2017 में हुई एक दुर्घटना से जुड़ी है। बताया जाता है कि विनोद राय ने अपने खेत की सिंचाई के लिए बिजली का तार बिछाया था। उसी दौरान आरोपी अरुण कुमार के पिता उस तार की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद चल रहा था।


मृतक के भाई सुबोध कुमार का आरोप है कि अरुण कुमार अक्सर विनोद को जान से मारने की धमकी देता था। परिजनों का कहना है कि आरोपी बदले की भावना से लंबे समय से मौका तलाश रहा था।


बहला फुसलाकर ले गया बाजार

आरोप है कि अरुण कुमार ने विनोद राय को बातचीत के बहाने पड़ोसी जिला मुजफ्फरपुर के गंगटी बाजार बुलाया। वहां दोनों ने साथ समय बिताया। देर रात आरोपी विनोद को गांव के समीप सुनसान सरेह की ओर ले गया।


परिजनों के अनुसार, इसी दौरान विनोद पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। शव पर आधा दर्जन से अधिक घाव के निशान पाए गए हैं। गले पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हत्या के बाद शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया गया।


घटना के बाद आरोपी फरार

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी कथित रूप से सीतामढ़ी जिले के गिद्दा फुलवरिया गांव स्थित अपनी बहन के घर चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।


सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशील कुमार और तरियानी छपरा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।


त्वरित कार्रवाई में दो हिरासत में

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिले के गिद्दा फुलवरिया गांव से मुख्य आरोपी अरुण कुमार और उसकी बहन पूनिया देवी उर्फ पुनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

इस घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतक की पत्नी संजना देवी, पिता किशोरी राय और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। परिवार का आरोप है कि लंबे समय से मिल रही धमकियों की सूचना के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।