WEST CHAMPARAN:पश्चिम चंपारण के साठी थाना क्षेत्र के एक गांव में दस वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पीड़िता की मां ने थाने में आवेदन देकर गांव के ही एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 6 अक्टूबर 2026 की शाम करीब चार बजे उसने अपनी दस वर्षीय बेटी को पैसे देकर सामान खरीदने के लिए दुकान भेजा था। सामान लेकर लौटने के बाद बच्ची अपने दरवाजे पर खेल रही थी। कुछ देर बाद बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान बच्ची रोते हुए घर पहुंची।
आवेदन के अनुसार, पूछताछ के दौरान बच्ची ने परिजनों को बताया कि गांव के पड़ोस का रहने वाला कलिम खान उसे मोबाइल दिखाने के बहाने अपने घर के एक कमरे में ले गया और उसके साथ गलत काम करने लगा। बच्ची के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और जबरदस्ती किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसे किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी दी और घर के पीछे के रास्ते से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि घटना के संबंध में आरोपी के माता-पिता से पूछताछ करने पर पिता मुराद खान और मां रोशनी खातून द्वारा गाली-गलौज करने तथा मारपीट की धमकी दी गई।
मामले में साठी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





