SAHARSA: खबर सहरसा से है। जहाँ सदर थाना क्षेत्र स्थित वास्तु विहार फेज-2 (यादव चौक) में एक बंद फ्लैट से चोरों ने 20 से 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफकर दिया। घटना के समय पीड़ित अपने कार्यालय में था। शाम को लौटने पर उसे घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से पूर्णिया जिले के बनमनखी (वार्ड संख्या 14) निवासी मनीष कुमार (पिता: जगदीश कुमार) वास्तु विहार फेज-2 के बी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 210 में किराये पर रहते हैं। पीड़ित ने सदर थाना पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वे रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे अपने दैनिक कार्य के लिए कार्यालय गए हुए थे।
शाम करीब 5 बजे जब वे वापस लौटे, तो फ्लैट के मुख्य दरवाजे का ताला गायब था और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखने पर गोदरेज की अलमारी का लॉक टूटा/खुला मिला और उसमें रखे लगभग 20 से 25 लाख रुपये के कीमती जेवरात गायब थे।
घरेलू सहायिका और सुरक्षा गार्ड पर जताया संदेह
पीड़ित मनीष कुमार ने घर में काम करने वाली बाई पूनम देवी पर चोरी का गहरा संदेह जताया है। साथ ही उन्होंने अपार्टमेंट में तैनात गार्ड की भी इस वारदात में पूरी मिलीभगत होने की आशंका जताई है।
डायल 112 ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित का बयान वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से दर्ज किया है। पीड़ित ने सदर थाना पुलिस से मामले की गहन जांचकर चोरी गए जेवरात बरामद करने और संलिप्त आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर जानकारी मिलते ही टीओपी 1 प्रभारी जितेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर पड़ताल किया। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा को भी खंगाला। उन्होंने बताया कि पुलिस प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन और संदिग्धों से पूछताछ में जुट गई है।





