Bihar Crime News: भोजपुर में अपराध नियंत्रण को लेकर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और थानों में अपराधियों की गुंडा परेड कराकर कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने की कोशिश की जा रही है। लेकिन, इन तमाम प्रयासों के बीच पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।
ताजा मामला भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र का है, जहां ऑटो लूटपाट गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। इसी दौरान गिरोह का एक सदस्य पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में चूक का फायदा उठाकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हथकड़ी के साथ फरार हुआ आरोपी बंधुआ गांव निवासी नीतीश कुमार बताया जा रहा है। उस पर ऑटो चालकों से ऑटो लूटने वाले गिरोह में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था, लेकिन उनमें से एक के फरार होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गिरफ्तार आरोपियों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक ओर भोजपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर गिरफ्तारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर थाना परिसर से हथकड़ी समेत आरोपी का फरार होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में चूक को उजागर करता है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
वहीं इस मामले में एसडीपीओ 2 रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो लूट मामले में तीन सदस्यों को गिरफ़्तार किया गया था जहां सुबह में शौचालय जाने के क्रम में एक अपराधी हथकड़ी सहित भाग गया। हालांकि अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है उकसी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।





