Banty Yadav Murder Case: पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में फरार चल रहे कथित मुख्य साजिशकर्ता मोनी किन्नर के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने बहादुरपुर थाना पुलिस के सहयोग से मोनी किन्नर के घर की कुर्की की।
पुलिस टीम बहादुरपुर थाना क्षेत्र में मोइनुलहक स्टेडियम के पीछे स्थित झोपड़पट्टी में पहुंची और घर से घरेलू सामान जब्त किया। कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दरवाजे, पलंग, बॉक्स और अन्य सामान को जब्त किया।
पुलिस के मुताबिक, बंटी यादव हत्याकांड की जांच के दौरान मोनी किन्नर की कथित भूमिका सामने आई थी। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मोनी किन्नर लंबे समय से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। कोर्ट से कुर्की का आदेश मिलने के बाद उसके घर पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मामले में आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले उसकी पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें वह घायल हो गया था। पुलिस का कहना है कि रवीश नेपाल भागने की तैयारी में था और इसी सिलसिले में पैसे लेने के लिए पटना आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बीते 7 जुलाई को बंटी यादव का पटना जंक्शन से अपहरण किया गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। बंटी यादव का शव अथमलगोला थाना क्षेत्र के एक सुनसान खेत से बरामद हुआ था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, शंकर, सूरज और मोनी किन्नर अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस तीनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।





