Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने नकली और अवैध सिगरेट की बड़ी खेप पकड़ी है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने बांक मोड़ के समीप एक पिकअप वाहन से करीब चार लाख आठ हजार सिगरेट बरामद की है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि अवैध कारोबार में इस्तेमाल पिकअप के आगे के शीशे पर प्रेस लिखा हुआ था। पुलिस अब सिगरेट की खेप के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
दरअसल, मुफस्सिल थाना पुलिस ने बांक मोड़ के समीप वाहन जांच के दौरान बीआर 09जीसी-9392 नंबर के पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में सिगरेट के दर्जनों कार्टून मिले। पुलिस के मुताबिक, वाहन से गोल्ड फ्लैक समेत विभिन्न ब्रांड की करीब चार लाख आठ हजार सिगरेट बरामद की गई है।
सिगरेट से संबंधित वैध कागजात मांगने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सिगरेट की पूरी खेप और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन चालक राजू कुमार उर्फ रणवीर को गिरफ्तार किया है। वह हेमजापुर थाना क्षेत्र के छर्रापट्टी शिवकुंड का रहने वाला है।
एसपी सैयद इमरान मसूद के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन पर भारी मात्रा में नकली और अवैध सिगरेट लादकर भागलपुर में डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह भाड़े पर पिकअप चलाता है और मिन्नत नगर निवासी मोहम्मद राजा के कहने पर सिगरेट की खेप लेकर भागलपुर जा रहा था। मामले में वाहन चालक राजू कुमार उर्फ रणवीर और मोहम्मद राजा के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब जब्त सिगरेट की जांच के साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।



