1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 29, 2026, 10:13:01 PM
रिश्तों का कत्ल - फ़ोटो social media
DESK: कहते हैं प्यार अंधा और बहरा दोनों होता है। जब किसी को इश्क हो जाता है तो ना कुछ दिखाई देता है और ना ही सुनाई देता है, वो तो बस अपने धून में मग्न रहता है। ऐसा ही एक प्यार मामी और भांजे को हो गयी जिसके चक्कर में दोनों ने बड़ा कदम उठा लिया। मामी के साथ मिलकर भांजे ने मामा का काम तमाम कर दिया। भांजे के साथ मिलकर मामी ने अवैध संबंध में बाधा बन रहे पति को ही रास्ते से हटा दिया।
राजस्थान के धौलपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने सगे भांजे के साथ मिलकर अवैध प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे पति की हत्या कर दी। शराब में कीटनाशक मिलाकर पति को पिलाया गया और मौत को सामान्य शराब सेवन का रूप दे दिया गया। करीब 11 महीने बाद विसरा रिपोर्ट आने पर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ।
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के भैंसाख गांव का है। 15 फरवरी 2025 को 45 वर्षीय शंकर सिंह लोधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय परिजनों और पुलिस को लगा कि अत्यधिक शराब पीने से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के बड़े भाई राजेश सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन शाम करीब 5 बजे शंकर सिंह अपने भांजे हरेंद्र सिंह के साथ खेत पर गया था। शाम करीब साढ़े सात बजे हरेंद्र घर लौट आया, लेकिन शंकर सिंह नहीं आया। अगले दिन सुबह उनका शव खेत में मिला, पास में शराब की बोतल भी पड़ी थी।
करीब 11 महीने बाद जब विसरा रिपोर्ट आई तो मामला पूरी तरह पलट गया। रिपोर्ट में जहर की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि शंकर सिंह की पत्नी रूबी और उसका सगा भांजा हरेंद्र सिंह लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। दोनों मोबाइल पर लगातार बातचीत करते थे। जब शंकर सिंह को इस रिश्ते की भनक लगी तो उसने दोनों पर सख्ती से रोक लगा दी।
इसी रंजिश में रूबी और हरेंद्र ने शंकर सिंह को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत 15 फरवरी को हरेंद्र अपने मामा को खेत पर ले गया और शराब में कीटनाशक मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में गांव में यह अफवाह फैला दी गई कि मौत अधिक शराब पीने से हुई है। हत्या के बाद रूबी अपने भांजे हरेंद्र के साथ हरियाणा भाग गई और दोनों ने वहां शादी कर ली। विसरा रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस को पुख्ता सबूत मिले।
सीओ कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि जहर की पुष्टि के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी रूबी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि हरेंद्र सिंह को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात को स्वीकार कर लिया है। यह मामला एक बार फिर रिश्तों में टूटते भरोसे और अपराध में बदलते अवैध संबंधों की भयावह तस्वीर पेश करता है।
