KISHANGANJ: बिहार के किशनगंज जिले में हुए सनसनीखेज रिजवान आलम हत्याकांड का महज 36 घंटे के भीतर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे कोई बाहरी अपराधी का नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी और उसका कथित प्रेमी का हाथ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वही हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद किया है।
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
मामले का खुलासा करते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला ने बताया कि 4 जुलाई को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के टंगटंगी गांव निवासी रिजवान आलम की हत्या उसके घर के बेडरूम में कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद मृतक की पत्नी डेजी परवीन और उसके कथित प्रेमी अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया।
चोरी की झूठी कहानी से पुलिस को किया गुमराह
घटना के बाद डेजी परवीन ने पुलिस को बताया था कि देर रात अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुस गये थे, जब पति ने विरोध किया तो अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी। मृतक के मोबाइल चोरी होने की भी कहानी पत्नी ने पुलिस को बताई थी, ताकि पुलिस का शक किसी और दिशा में चला जाए। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान में कई विरोधाभास मिले, जिसके बाद मामले की गहराई से जांच शुरू की गई।
कॉल डिटेल्स से खुला पूरा राज
पुलिस ने जब मृतक की पत्नी की कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, तो पता चला कि वह गांव के ही रहने वाले अनवर हुसैन के लगातार संपर्क में थी। संदेह के आधार पर अनवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। इसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
नौ साल पुराने प्रेम संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि डेजी परवीन और अनवर हुसैन के बीच पिछले करीब नौ वर्षों से कथित प्रेम संबंध थे। रिजवान आलम कुवैत में नौकरी करता था और दो-तीन साल में एक बार ही घर आता था। इस कारण दोनों के मिलने-जुलने में कोई परेशानी नहीं होती थी।
लेकिन इस बार रिजवान विदेश वापस नहीं गया और लंबे समय तक घर पर ही रहने लगा। पुलिस के अनुसार, इससे दोनों के संबंधों में बाधा आने लगी। इसी वजह से दोनों ने मिलकर रिजवान की हत्या की साजिश रची और उसे रास्ते से हटाने का फैसला ले लिया। आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले का खुलासा होने के बाद लोग भी हैरान रह गये। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा हो रही है।





