Bihar Crime News: बिहार में एक प्रशिक्षु दारोगा पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ करीब नौ महीने तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में युवती ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी दारोगा की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ इससे पहले नवादा में शराब से जुड़े मामले में अवैध वसूली के आरोप भी लगे थे, जिसके बाद उसे सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने महिला थाने में दिए आवेदन में बताया है कि मार्च 2026 में जब प्रशिक्षु दारोगा नीतीश कुमार कमतौल थाना में पदस्थापित थे, उसी दौरान गश्ती के क्रम में दोनों की पहचान हुई थी।
युवती का आरोप है कि दारोगा ने उससे प्यार का इजहार किया और शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि शादी का आश्वासन देकर दारोगा करीब नौ महीने तक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाते रहे।
युवती के मुताबिक, कमतौल थाना से स्थानांतरण होने के बाद आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी महीने दारोगा की कहीं और मंगनी होने की चर्चा है। इसके बाद युवती ने महिला थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
महिला थाना की पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए डीएमसीएच भेजा। महिला थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि युवती के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले के बीच आरोपी दारोगा नीतीश कुमार से जुड़ा एक पुराना मामला भी सामने आया है। नवादा में मद्य निषेध विभाग में पदस्थापन के दौरान उन पर शराब से जुड़े मामले में अवैध वसूली का आरोप लगा था। विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
आयुक्त, मद्य निषेध दिव्या शक्ति ने 17 नवंबर 2026 को उनकी सेवाच्युति से संबंधित आदेश जारी किया था। आरोप था कि शराब के नशे में पकड़े गए लोगों को छोड़ने के एवज में स्कैनर के माध्यम से 34 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई थी।
यह मामला अगस्त 2025 में नवादा जिले के गोविन्दपुर थाना क्षेत्र का है। उस समय नीतीश कुमार झारखंड सीमा से सटे गोविन्दपुर चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त थे। वर्तमान में वह भागलपुर स्थित मुख्य आयुक्त, मद्य निषेध कार्यालय में पदस्थापित बताए गए थे।
जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त को रोह थाना पुलिस को शिकायत मिली थी कि महावरा मोड़ के पास सीमेंट लदे एक ट्रक को रोककर अवैध वसूली की जा रही है। शिकायत के आधार पर रोह पुलिस ने उत्पाद विभाग का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो (BR 27 R 8751) के साथ पांच लोगों को पकड़ा था। बाद में सभी को गोविन्दपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पकड़े गए लोगों में उत्पाद विभाग का ड्राइवर सचिन राज, नीतीश कुमार का कथित भांजा राजाराम और गोविन्दपुर क्षेत्र के नीतीश कुमार, नीरज कुमार तथा सुधीर कुमार शामिल थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान और शिकायतकर्ता की निशानदेही पर वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद दारोगा नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल युवती की शिकायत पर दर्ज नए मामले में पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।





