KATIHAR: नौकरी दिलाने का झांसा देकर 19 वर्षीय युवती को किराये के मकान में ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोप में कटिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
मामले में पुलिस ने दो रेलवे लोको पायलट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार और विनय कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चंदन कुमार को मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है, जबकि विनय कुमार दास पर घटना में सहयोग करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को घर से नाराज होकर युवती कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात असिस्टेंट लोको पायलट चंदन कुमार से हुई। आरोप है कि चंदन ने युवती को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उसे सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित अपने किराये के मकान पर ले गया। युवती ने आरोप लगाया कि वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
घटना के संबंध में पीड़िता ने 28 सितंबर को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी। डीएसपी आसिफ आलम के अनुसार, मामला दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी चंदन कुमार ने युवती के साथ दुष्कर्म की बात स्वीकार की है। वहीं, विनय कुमार दास पर घटना में सहयोग करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कटिहार रेल मंडल में लोको पायलट के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





