Bihar Crime News: छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बाजार स्थित जय नारायण जी मंदिर में शुक्रवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से करीब डेढ़ सौ साल पुरानी अष्टधातु की आठ छोटी मूर्तियां चुरा ले गए। इतना ही नहीं, चोर मंदिर में रखे घंटे, भोग लगाने की थाली और आरती की थाली भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है।
शनिवार की सुबह जब पुजारी मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो मूर्तियां और अन्य सामान गायब देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद मंदिर के देखरेखकर्ता बृजमोहन प्रसाद ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
बृजमोहन प्रसाद ने बताया कि मंदिर में कई वर्षों से नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती आ रही है, लेकिन इससे पहले कभी चोरी की ऐसी घटना नहीं हुई थी। चोरों ने बड़ी चालाकी से केवल अष्टधातु की आठों मूर्तियों को निशाना बनाया, जबकि मंदिर में रखी मिट्टी की मूर्तियों और अन्य प्रतिमाओं को हाथ तक नहीं लगाया। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को अष्टधातु की मूर्तियों के बारे में पहले से जानकारी थी।
बताया जा रहा है कि चोरी गई सभी मूर्तियां करीब डेढ़ सौ साल पुरानी हैं। धनतेरस के अवसर पर मंदिर में ताला नहीं लगाया गया था। आशंका है कि इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। प्राचीन मूर्तियों की चोरी की खबर फैलते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था पर चोट बताते हुए नाराजगी जताई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस चोरों की पहचान करने और चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।





