Bihar Crime News: सीतामढ़ी जिले के चर्चित जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मॉर्निंग वॉक के दौरान दिनदहाड़े गोलियों से छलनी कर बैद्यनाथ महतो की हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी एजाज अहमद को केरल के कोल्लम से गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस से मिली सूचना के आधार पर केरल की कोल्लम सिटी पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। इस गिरफ्तारी को हत्याकांड की जांच में अहम सफलता माना जा रहा है।
दरअसल, 12 सितंबर 2026 की सुबह सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र अंतर्गत केथरिया-रामपट्टी इलाके में दिलखुश देवी के पति एवं जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान पथरिया श्मशान घाट के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने उन्हें करीब आठ गोलियां मारीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था।
इस हत्याकांड से पहले 28 अगस्त की रात भी बैद्यनाथ महतो के घर पर फायरिंग की घटना हुई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी। हत्या के बाद मामला और गरमा गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं, पीड़ित परिवार ने बाजपट्टी विधायक रामेश्वर कुमार महतो के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर न्याय, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद एजाज अहमद के रूप में हुई है। वह बिहार का रहने वाला है और केरल के कोल्लम स्थित अंडामुक्कम इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह वहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। बिहार पुलिस की खुफिया सूचना मिलने के बाद कोल्लम ईस्ट पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
स्थानीय स्तर पर जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे ट्रांजिट वारंट के जरिए बिहार लाने की प्रक्रिया की जाएगी। इस गिरफ्तारी के बाद बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और हत्या की साजिश से जुड़े पहलुओं को लेकर पुलिस की जांच और तेज होने की उम्मीद है।





