DESK:गरबा के पारंपरिक ड्रेस को पहनकर लड़कियों ने सिगरेट फूंकी और पिस्टल लहराकर रील बनाई। जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कहा कि यह वीडियो सिगरेट पीने और गन कल्चर को बढ़ावा दे रहा है। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को अरेस्ट कर लिया।
वायरल वीडियो छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का बताया जा रहा है। बजरंग दल और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। नवरात्रि और गरबा के पवित्र माहौल के बीच बनाए गये वीडियो को लेकर बवाल मच गया। परंपरा और आधुनिकता के नाम पर फूहड़ता परोसने का आरोप लगाया गया। वायरल वीडियो में गरबा की तैयारियों के नाम पर रील शूट करती लड़कियां दिख रही है।
इस वीडियो को शिफा मैथ्यू नाम की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया था। वीडियो में कुछ लड़कियां पारंपरिक घाघरा-चोली और गरबा ड्रेस में नजर आ रही हैं, लेकिन उनके हाथ में सिगरेट और पिस्टल दिखाई दे रही है। खुलेआम सिगरेट के कश लगाते और हथियार लहराते हुए इन लड़कियों का अंदाज देख लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली शिफा मैथ्यू मेकअप आर्टिस्ट, इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वो एक्टिव रहती हैं। उनके रील्स को लोग खूब पसंद भी करते हैं। सोशल मीडिया पर उनके 12K फॉलोवर्स हैं। लेकिन इस बार शिफा ने जो रील बनाया वो विवाद का विषय बन गया है। गरबा ड्रेस में सिगरेट पीते और पिस्टल लहराते हुए वीडियो के वायरल होने के बाद बजरंग दल, स्थानीय लोग और कई हिंदू संगठनों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
उनका कहना है कि नवरात्रि और गरबा हमारी सनातन संस्कृति की आस्था का प्रतीक हैं। गरबा के कपड़ों में इस तरह खुलेआम सिगरेट और हथियारों का प्रदर्शन करना न सिर्फ धार्मिक संस्कृति का अपमान है, बल्कि इससे आम जनता की भावनाएं भी आहत हुई हैं। इसलिए उन्होंने पुलिस से एक्शन लेने की मांग की। लोगों की इस मांग पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया और सभी को अरेस्ट किया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हैं।





