Bihar Vigilance Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी का एक्शन लगातार जारी है। निगरानी की टीम मंगलवार को सहरसा पहुंची, जहां बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर आवास विभाग के लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क 72 हजार रुपये रिश्वत ले रहा था, तभी निगरानी की टीम ने धावा बोल दिया।
दरअसल, सौरबाजार नगर पंचायत में तैनात नगर आवास विभाग के लिपिक मुकुल कुमार को 72 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 के पार्षद हरेकृष्ण साह की शिकायत पर निगरानी विभाग की टीम सौरबाजार पहुंची थी।
आरोप है कि नगर आवास योजना के तहत लाभुकों को राशि भुगतान कराने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही थी। इसी शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने कार्रवाई की। मुकुल कुमार सौरबाजार नगर पंचायत में करीब चार वर्षों से कार्यरत बताए जा रहे हैं।
उनका स्थायी घर सहरसा बताया गया है। निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद नगर पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया। हालांकि, मामले में रिश्वत की मांग और लेनदेन से संबंधित विस्तृत जानकारी निगरानी विभाग के आधिकारिक बयान और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





