Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
दरअसल, पूरी घटना आदर्श थाना जमालपुर क्षेत्र के सदर बाजार फाड़ी के समीप की है। मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है। भागलपुर के इशाकचक निवासी अमर कुमार की बेटी पूजा की शादी वर्ष 2015 में धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर निवासी दशरथ मंडल से हुई थी। दशरथ मंडल रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत था और वीआरएस लेकर सेवानिवृत्त हो चुका था। दोनों की दो बेटियां भी हैं।
बताया जा रहा है कि शादी के कुछ वर्षों बाद ही पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। कई बार पारिवारिक स्तर पर समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। एक बार मामला थाने तक भी पहुंचा था।
इधर, मृतका के भाई शुभम कुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। करीब एक साल पहले भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद थाने में आवेदन दिया गया था और समझौता कराया गया था।
बुधवार की देर रात करीब 12:30 बजे जमालपुर पुलिस ने पूजा के भाई को फोन कर उसकी हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे, जहां पूजा खून से लथपथ मृत पड़ी थी और उसका गला धारदार हथियार से रेता हुआ था। वहीं, हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति दशरथ मंडल ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को भी बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
जमालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पति ने सरेंडर कर दिया है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मां की हत्या के बाद दो मासूम बेटियां अब मां की ममता से महरूम हो गई हैं, वहीं परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
रिपोर्ट- इम्तियाज खान, मुंगेर





