Bihar Crime News: भागलपुर के भाजपा नेता उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को CCTV फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हुए दोनों शूटरों की गतिविधियां इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई हैं और उनकी पहचान भी कर ली गई है।
उमा भूषण तांती भाजपा के श्रीनारायण साह मंडल के अध्यक्ष थे। 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतूबगंज कुम्हार टोली के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। पुलिस ने महादेव तालाब, काली मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पद और संभावित राजनीतिक रंजिश समेत कई बिंदुओं को जांच के दायरे में रखा है।
एसएसपी ने विशेष जांच दल (SIT) को अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी करने का निर्देश दिया है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि CCTV फुटेज में नजर आए दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। तकनीकी सेल और SIT वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों शूटरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति या साजिशकर्ता की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य सामने आते हैं, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, हत्याकांड में नामजद पूर्व पार्षद एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों के दावों के अनुसार, घटना के समय बाइक पर कृष्णा के साथ पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति चौधरीडीह इलाके का रहने वाला हो सकता है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं की गई है। पुलिस इस पहलू समेत घटना से जुड़े अन्य संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां इलाके में सक्रिय संदिग्ध आपराधिक नेटवर्क और आरोपितों के संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं।





