KAIMUR: बिहार के कैमूर जिले के भभुआ में सब्जी मंडी के पास हुई धनंजय कुमार उर्फ धनजी की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को घटनास्थल यानी सब्जी मंडी से पैदल शहर के रास्ते भभुआ थाना ले गई। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों का मनोबल तोड़ना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
कैमूर के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे भभुआ थाना क्षेत्र की सब्जी मंडी में वार्ड नंबर 25 निवासी धनंजय कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए भभुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर अखिलेश कुमार उर्फ भंटु, निवासी वार्ड नंबर 20, और कृष्णा पटेल, निवासी वार्ड नंबर 21, को गिरफ्तार किया। इनके अलावा दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि नशा सेवन और आपसी गुटबाजी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
वहीं, इस मामले में शामिल चार से पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि फरार आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले का तेजी से खुलासा करने वाली एसआईटी की टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा भी की है।





