Bihar Vigilance Raid: बेगूसराय जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेगूसराय सेल टैक्स कार्यालय में पदस्थापित असिस्टेंट कमिश्नर और डाटा एंट्री ऑपरेटर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद वाणिज्य कर कार्यालय में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष कुमार झा के रूप में हुई है। दोनों पर शिकायतकर्ता से रिश्वत लेने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ नगर स्थित कृष्णा मार्केट में रोजी गारमेंट्स नाम से दुकान है। दुकान के प्रोपराइटर ज्योति कुमार की ओर से निगरानी विभाग में शिकायत की गई थी। शिकायत में रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि निगरानी टीम की कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम 500 रुपये के नोटों की गड्डी के रूप में मौजूद थी। टीम को देखते ही रकम को खिड़की के बाहर फेंक दिया गया। हालांकि निगरानी विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सेल टैक्स कार्यालय में निगरानी विभाग की कार्रवाई की खबर मिलते ही कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई निगरानी विभाग की ओर से की जा रही है।
फिलहाल निगरानी विभाग की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी और आरोपियों के खिलाफ दर्ज कार्रवाई का पूरा विवरण सामने आना बाकी है। विभागीय जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है।





