Bihar Crime News: बिहार के अरवल जिले में पटना-औरंगाबाद एनएच-139 पर खभैनी मोड़ के पास चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने एक ट्रक चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी। गुरुवार की सुबह हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान वलिदाद के नट बिगहा निवासी स्वर्गीय बिंदर नट के 30 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार ट्रक चलाने का काम करते थे। उन्होंने अपना ट्रक खभैनी मोड़ के पास खड़ा किया था और स्वजन से मिलने घर चले गए थे। इस दौरान उनके साथी खलासी ट्रक में ही सो रहे थे।
गुरुवार की सुबह करीब चार बजे कुछ बदमाश ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने खलासी के पास से सात हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसी बीच प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। बदमाशों को भागते देख उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने प्रदीप कुमार पर धारदार चाकू से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर स्वजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल वलिदाद बाजार के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उनकी पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया, जबकि दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं, मां ने भी अपना सहारा खो दिया। घटना के बाद ग्रामीणों और स्वजन में गहरा आक्रोश है।




