BPSC 70th Result: बिहार के जमुई जिले के झाझा की रहने वाली निकिता सिन्हा ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार और पूरे इलाके का नाम रोशन किया है. उन्होंने पहले ही प्रयास में स्टेट असिस्टेंट कमिश्नर का पद हासिल किया है. किसान पिता और गृहिणी मां की बेटी निकिता की इस उपलब्धि से पिपराडीह मोहल्ले सहित पूरे झाझा में खुशी का माहौल है.
निकिता झाझा नगर क्षेत्र के पिपराडीह मोहल्ले की रहने वाली हैं. उनके पिता संजीव कुमार सिन्हा उर्फ पप्पू सिन्हा किसान हैं, जबकि मां बेबी सिन्हा गृहिणी हैं. सामान्य परिवार से आने वाली निकिता की पढ़ाई को लेकर उनके माता-पिता हमेशा गंभीर रहे. परिवार ने उनकी शिक्षा को प्राथमिकता दी और हर कदम पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.
स्कूल से कॉलेज तक शानदार रहा शैक्षणिक सफर
निकिता की शुरुआती पढ़ाई से लेकर उच्च शिक्षा तक का सफर उपलब्धियों से भरा रहा है. साल 2017 में उन्होंने झाझा के सरडोनिक्स स्कूल से दसवीं की परीक्षा में स्कूल टॉप किया था. इसके बाद 2019 में झारखंड के बोकारो सेक्टर-4 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से 12वीं की परीक्षा में स्टेट टॉपर बनीं.
वहीं, साल 2022 में पटना के वीमेंस कॉलेज से भूगोल विषय में स्नातक की पढ़ाई पूरी करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया. इसके बाद साल 2025 में यूजीसी परीक्षा में 98.7 प्रतिशत अंक प्राप्त किए.
UPSC में एक नंबर से चूकीं, पहले प्रयास में BPSC क्रैक
निकिता का लक्ष्य सिविल सेवा में जाना रहा है. BPSC में सफलता से पहले उन्होंने UPSC की परीक्षा भी दी थी, लेकिन वह महज एक अंक से पीछे रह गई थीं. इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और 70वीं BPSC परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली.
निकिता ने अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय माता-पिता को दिया है. उनका कहना है कि पिता ने हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और आगे बढ़ने का हौसला दिया. उन्होंने अपनी सफलता को माता-पिता को समर्पित किया है. निकिता ने यह भी बताया कि उनका अगला लक्ष्य UPSC परीक्षा में सफलता हासिल करना है.
BPSC में सफलता के बाद निकिता को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्मानित किया. इसके अलावा उनकी प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े सरडोनिक्स स्कूल सहित कई संस्थानों में भी उन्हें सम्मान मिला.
निकिता की सफलता की खबर सामने आते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. पूर्व नगर अध्यक्ष संजय सिन्हा, वार्ड पार्षद मीरा सिन्हा, जदयू नगर अध्यक्ष बबलू सिन्हा सहित कई लोगों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की.





