CBSE Board Exam: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में आने वाले समय में मूल्यांकन (Evaluation) का तरीका बदल सकता है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के अनुरूप बोर्ड विद्यार्थियों की केवल याद करने की क्षमता के बजाय विषयों की समझ, तार्किक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को परखने पर अधिक जोर देने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित बदलाव के तहत ऐसे प्रश्नों को अधिक महत्व दिया जा सकता है, जिनमें विद्यार्थियों को अपनी समझ और सीखे गए ज्ञान का वास्तविक परिस्थितियों में इस्तेमाल करना होगा।
हालांकि, सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल परीक्षा के मौजूदा प्रश्नपत्र पैटर्न में तत्काल कोई बदलाव नहीं किया गया है। वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं पुराने पैटर्न के अनुसार ही आयोजित होंगी। नए मूल्यांकन पैटर्न को लागू करने की अभी कोई निश्चित तारीख भी घोषित नहीं की गई है।
सीबीएसई अपनी मूल्यांकन व्यवस्था को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप तैयार करने पर विचार कर रहा है। इसके लिए देशभर के स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी। इस संबंध में 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में बोर्ड का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम 'असेसमेंट : ग्लोबली ओरिएंटेड, फ्यूचर रेडी लर्नर्स' रखी गई है।
सम्मेलन में पारंपरिक अंक आधारित मूल्यांकन व्यवस्था से आगे बढ़कर विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की क्षमता, नवाचार, तार्किक सोच और व्यावहारिक समझ को परखने के तरीकों पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के लिए उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन से जुड़े मौजूदा दिशा-निर्देशों की भी समीक्षा होगी।
सीबीएसई के सिटी को-ऑर्डिनेटर एसी झा के अनुसार, यदि बोर्ड दक्षता आधारित मूल्यांकन (Competency Based Assessment) का दायरा बढ़ाता है तो विद्यार्थियों को अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारी की रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।
प्रस्तावित व्यवस्था में विज्ञान विषय में केवल किसी सिद्धांत की परिभाषा लिखने के बजाय यह पूछा जा सकता है कि संबंधित सिद्धांत रोजमर्रा की जिंदगी में किस तरह काम करता है। इसी तरह गणित में केवल सूत्र याद रखने के बजाय उनका इस्तेमाल करके समस्याओं को हल करने की क्षमता पर अधिक ध्यान दिया जा सकता है। इसके अलावा विद्यार्थियों की स्वतंत्र रूप से सोचने, तथ्यों का विश्लेषण करने और अलग-अलग अवधारणाओं के बीच संबंध समझने की क्षमता भी मूल्यांकन का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकती है।
संभावित बदलावों को देखते हुए विद्यार्थियों को केवल प्रश्न-उत्तर याद करने के बजाय विषयों की बुनियादी अवधारणाओं को समझने पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए कुछ बातों को अपनी पढ़ाई का हिस्सा बनाना उपयोगी होगा। विषयों के कॉन्सेप्ट को अच्छी तरह समझें और केवल रटने पर निर्भर न रहें। नियमित रूप से एप्लीकेशन बेस्ड और विश्लेषणात्मक प्रश्नों का अभ्यास करें। किसी भी टॉपिक को अपने शब्दों में समझाने की आदत विकसित करें। पढ़ाई के दौरान वास्तविक जीवन के उदाहरणों को शामिल करें। तथ्यों का विश्लेषण करने और तार्किक तरीके से उत्तर लिखने का अभ्यास करें। सीखे गए सिद्धांतों का व्यावहारिक परिस्थितियों में इस्तेमाल करना सीखें। इससे विद्यार्थियों की विषयों पर पकड़ मजबूत होगी और उनकी तार्किक क्षमता तथा समस्या समाधान कौशल में भी सुधार होगा।
सीबीएसई ने अभी तक नई मूल्यांकन व्यवस्था लागू करने की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। साथ ही आगामी बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में तत्काल बदलाव की भी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में 10वीं और 12वीं की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को फिलहाल निर्धारित पाठ्यक्रम और मौजूदा परीक्षा पैटर्न के अनुसार ही तैयारी करनी चाहिए। बोर्ड की ओर से नई गाइडलाइन जारी होने के बाद ही मूल्यांकन व्यवस्था में बदलाव की स्थिति स्पष्ट होगी।





