WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण के लौरिया-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर सोमवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया। पुलिस की घेराबंदी देखकर भागने की कोशिश कर रहा कार चालक कुछ दूर आगे अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की से 42 किलो 584 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि मटयरिया चौक पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नरकटियागंज की ओर से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने पहले गाड़ी की रफ्तार धीमी की, लेकिन रुकने के बजाय तेजी से भागने लगा। चालक की इस हरकत से पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर चालक का कार से नियंत्रण हट गया और गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार की तलाशी ली। इस दौरान डिक्की में रखे चार बंडलों से 42 किलो 584 ग्राम गांजा बरामद किया गया। सीओ सह मजिस्ट्रेट आशु रंजन की मौजूदगी में जब्त गांजे का वजन कराया गया।
गिरफ्तार चालक की पहचान अजीत कुमार (30) के रूप में हुई है। वह शिकारपुर थाना क्षेत्र के कुकरा चनपटिया गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही गांजा कहां से लाया गया था और इसकी तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।





