PATNA: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 2015 बैच के आईएएस अधिकारी अरविन्द कुमार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 16 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। अरविन्द कुमार फिलहाल लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में अपर सचिव के पद पर तैनात थे। सरकार ने उन्हें इस पद से स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
जारी अधिसूचना के मुताबिक, आईएएस अरविन्द कुमार की नियुक्ति बिहार विद्यालय परीक्षा समिति अधिनियम, 2019 की धारा-6 के तहत की गई है। इसके साथ ही, भारतीय प्रशासनिक सेवा (वेतन) नियमावली, 2016 के नियम-12 (1) के तहत उनके पदस्थापन की अवधि तक उपाध्यक्ष के पद को अपर सचिव के समकक्ष घोषित किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिसूचना की प्रतिलिपि भेज दी है। सरकार के इस फैसले के बाद अब अरविन्द कुमार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।





