Bihar Politics: हाजीपुर के चर्चित ठेकेदार और भाजपा नेता रामनरेश राय की हत्या के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव शनिवार को उनके आवास पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
तेजस्वी यादव के साथ राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, राज्यसभा सांसद संजय यादव, आलोक कुमार मेहता समेत पार्टी के कई विधायक और नेता मौजूद रहे। रामनरेश राय के आवास पर पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव ने सबसे पहले उनके तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी और बेटे से मुलाकात की और हत्याकांड से जुड़ी पूरी जानकारी ली।
तेजस्वी यादव ने परिवार से बातचीत के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी, पुलिस की कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी जानकारी ली। रामनरेश राय की पत्नी पहले ही अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुकी हैं। परिवार की ओर से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की लगातार मांग की जा रही है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और आए दिन हत्या जैसी वारदात सामने आ रही हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय दूसरे कामों में व्यस्त है। उन्होंने रामनरेश राय हत्याकांड के सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
रामनरेश राय की हत्या के बाद से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है। इससे पहले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी परिवार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। वहीं, राघोपुर के भाजपा के पूर्व विधायक सतीश कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि भी परिवार से मिल चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच का जायजा ले चुके हैं।
पुलिस रास्ते और जमीन से जुड़े विवाद, ठेकेदारी में प्रतिस्पर्धा समेत कई संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। तेजस्वी यादव के पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद रामनरेश राय हत्याकांड को लेकर राजनीतिक दबाव और बढ़ता नजर आ रहा है।





