Sonpur Mela 2026: विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026 की तारीखों का ऐलान हो गया है। इस बार मेले का आयोजन 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। 32 दिनों तक चलने वाले इस मेले में धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति, मनोरंजन और खेलकूद से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पर्यटन विभाग, बिहार सरकार और सारण जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले मेले का भव्य उद्घाटन 22 नवंबर 2026 को होगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले इस मेले में देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
मेले के बेहतर संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को दो जोन और 10 सब-जोन में विभाजित किया गया है। स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्नान घाटों, प्रमुख सड़कों, डाक बंगला, नखास क्षेत्र और प्रशासनिक शिविरों में 24 घंटे सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी है।
सोनपुर मेले में धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व रहेगा। गंडक नदी के तट पर नियमित महाआरती, भव्य रामलीला और भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद और मनोरंजन से जुड़े आयोजन भी मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे। इस दौरान ऐतिहासिक नौका दौड़, पारंपरिक कुश्ती-दंगल और पतंगबाजी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
मेले के दौरान पूरे 32 दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम क्षेत्र की लोक-संस्कृतियों पर आधारित कार्यक्रमों में स्थानीय और राज्यस्तरीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इन आयोजनों के जरिए बिहार के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों की लोक कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
नखास क्षेत्र में विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल और आधुनिक प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं, उत्पादों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काली घाट, साधु गाछी, पुराने गंडक पुल और पहलेजा घाट पर बैरिकेडिंग की जाएगी। नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF और गोताखोरों की तैनाती की जाएगी।
इसके अलावा मेले में निःशुल्क एंबुलेंस और पशु चिकित्सा शिविर की व्यवस्था भी की जाएगी। इस तरह 2026 का सोनपुर मेला धार्मिक, सांस्कृतिक, खेल और मनोरंजन गतिविधियों के साथ 32 दिनों तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।





