Bihar Crime News: किशनगंज में 17 वर्षीय नाबालिग युवती ने एक युवक और उसके परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. युवती का आरोप है कि मोबाइल और इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद आरोपी ने घटना का वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और लगातार दबाव बनाता रहा.
इंस्टाग्राम से हुई थी युवक से पहचान
बहादुरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के अनुसार, उसकी पहचान किशनगंज के एक युवक से मोबाइल और इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. बातचीत के दौरान युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया. युवती का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए.
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 15 जुलाई 2026 को युवक उसे किशनगंज के एक होटल में ले गया. वहां उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया गया.
VIDEO और फोटो वायरल करने की धमकी
युवती का आरोप है कि आरोपी ने घटना के दौरान वीडियो और फोटो बना लिया था. इसके बाद वह वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे डराने लगा. शिकायत के अनुसार, आरोपी इसी धमकी के जरिए उसे बार-बार मिलने के लिए बुलाता था.
पीड़िता ने बताया कि आरोपी वीडियो वायरल करने के साथ उसके परिवार को बदनाम करने की धमकी भी देता था. डर और दबाव के कारण वह काफी समय तक घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं दे सकी.
बाद में युवती ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने आरोपी के परिवार से संपर्क कर मामले को सुलझाने की कोशिश की.
पीड़िता के अनुसार, आरोपी के घर पहुंचने पर उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी दी गई. युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि मामला खत्म करने के लिए पैसे लेने का दबाव बनाया गया.
युवती ने अपनी शिकायत में फोन पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है. उसके अनुसार, उसे कहा गया कि अगर मामला खत्म नहीं किया गया तो उसे उठाकर कहीं बेच दिया जाएगा.
पीड़िता ने प्राथमिकी में आरोपी युवक के साथ उसके पिता, मां और कुछ अन्य परिजनों को भी नामजद किया है. शिकायत में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी और प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं.
महिला थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि युवती के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





