Bihar Politics: बिहार कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में रविवार को दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची। यहां पुलिस ने करीब एक घंटे तक छानबीन की। इस दौरान बिहार कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल @INCBihar को संचालित करने वाले व्यक्ति और उससे जुड़े मोबाइल नंबर के बारे में जानकारी जुटाई गई।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में अमित कुमार मंडल को नोटिस जारी किया है। उन्हें 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित स्पेशल सेल के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, अमित कुमार मंडल के नाम पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर 9939979005 का संबंध बिहार कांग्रेस के ट्विटर हैंडल @INCBihar से सामने आया है। इसी सिलसिले में पुलिस ने उनसे कई जानकारियां मांगी हैं।
नोटिस में संबंधित सिम कार्ड उपलब्ध कराने के साथ ही 1 जुलाई 2025 से अब तक उस नंबर का इस्तेमाल जिन-जिन मोबाइल फोन में किया गया है, उनकी जानकारी देने को कहा गया है। इसके अलावा पुलिस ने पूछा है कि @INCBihar ट्विटर हैंडल का आधिकारिक रूप से इस्तेमाल कौन करता है। साथ ही 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच किन-किन लोगों को इस हैंडल को संचालित करने की अनुमति दी गई थी, उनकी सूची भी मांगी गई है।
यह नोटिस दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, स्पेशल सेल की ओर से जारी किया गया है। इस पर सब-इंस्पेक्टर देवल शेखलान के हस्ताक्षर हैं और नोटिस की तारीख 1 नवंबर 2026 है। नोटिस में एफआईआर नंबर 50/25 का उल्लेख किया गया है। यह एफआईआर 13 सितंबर 2025 को दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में दर्ज की गई थी। फिलहाल इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही है।
अमित कुमार मंडल को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस भेजा गया है। पुलिस ने उनसे मामले से संबंधित अन्य जरूरी दस्तावेज और जानकारियां भी उपलब्ध कराने को कहा है।





