MIRZAPUR: बिहार के एक विधायक ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्यधाम में विराजमान मां विंध्यवासिनी को करीब साढ़े 17 लाख रूपये का सोने का मुकुट अर्पित किया.
रविवार को मंदिर परिसर में पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद विधायक ने करीब 130 ग्राम वजन का सोने का मुकुट माता को अर्पित किया. हालांकि कीमती सोने के मुकुट की सुरक्षा को देखते हुए विंध्य विकास परिषद के सचिव और नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने इसे मां को अर्पित करने के बाद बैंक के लाकर में रखवा दिया.
ओबरा के विधायक ने चढाया मुकुट
मां विंध्यवासिनी को सोने का ये मुकुट अर्पित करने वाले विधायक प्रकाश चंद्रा है. वे बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा विधानसभा क्षेत्र से लोजपा(रामविलास) के विधायक हैं. उन्होंने मंदिर प्रबंधन को इस मुकुट को बनाने वाले स्वर्णकार का रसीद भी सौंपा.
विधायक प़्रकाश चंद की ओर से दिये गये रसीद के मुताबिक सोने के इस मुकुट का वजन 130.098 ग्राम है. इस मुकुट को बनाने के लिए 17 लाख 41 हजार 52 रुपये खर्च किये गये. विधायक ने कहा कि मां विंध्यवासिनी के दरबार से कोई खाली नहीं जाता है. आज वे जो कुछ भी हैं वह माता के आशीर्वाद से ही हैं. उन्होंने कहा कि मां के दरबार में आने पर बहुत सुकून मिलता है.
सुरक्षा के लिए बैंक लॉकर में रखा गया
माता के मंदिर में पूजा अर्चना औऱ उन्हें स्वर्ण मुकुट समर्पित करने के बाद विधायक ने विंध्य विकास परिषद के सचिव और नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार को मुकुट सौंप दिया. नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि मां विंध्यवासिनी को मुकुट अर्पित करने के बाद उसे सुरक्षित रखने के लिए विंध्याचल स्थित भारतीय स्टेट बैंक ले जाया गया है. वहां मंदिर का लॉकर है, मुकुट को उसी लॉकर में जमा करा दिया गया है.





