Indian Railways: रेलवे सप्तक्रांति एक्सप्रेस समेत 20 ट्रेनों को लेकर बड़ा बदलाव करने जा रहा है। रेलवे ने इन ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा समाप्त कर इन्हें सामान्य श्रेणी में शामिल कर दिया है। इसके साथ ही इन ट्रेनों के नंबर भी बदल दिए गए हैं। पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत चलने वाली मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल सप्तक्रांति एक्सप्रेस भी इस फैसले के दायरे में आई है।
दरअसल, इन ट्रेनों में लगातार बढ़ते ठहराव के कारण इनकी औसत रफ्तार प्रभावित हो रही थी। सुपरफास्ट ट्रेनों के निर्धारित गति मानकों पर खरा नहीं उतरने के चलते रेलवे ने इनका दर्जा बदलने का फैसला लिया है। हालांकि, ट्रेनों के ठहराव कम करने के बजाय इन्हें सामान्य श्रेणी में शामिल किया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल सप्तक्रांति एक्सप्रेस के नंबर बदल दिए गए हैं। ट्रेन संख्या 12557 अब 15577 नंबर से संचालित होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 12558 की जगह 15578 नंबर होगा। दोनों ट्रेनों के नए नंबर 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होंगे। इस बदलाव के बाद सप्तक्रांति एक्सप्रेस सुपरफास्ट के बजाय सामान्य श्रेणी में संचालित होगी।
रेलवे के नियमों के मुताबिक, सुपरफास्ट का दर्जा उन्हीं ट्रेनों को दिया जाता है जिनकी औसत रफ्तार निर्धारित मानकों के अनुरूप होती है। लेकिन पिछले कुछ समय में कई ट्रेनों के ठहराव लगातार बढ़ाए गए हैं। बताया जा रहा है कि जनप्रतिनिधियों की मांग और दबाव के चलते भी कई स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिए गए।
इसका असर ट्रेनों की औसत गति पर पड़ा। निर्धारित गति मानकों को पूरा नहीं कर पाने के कारण रेलवे ने इन ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा वापस लेने का फैसला किया है। सप्तक्रांति एक्सप्रेस के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के नंबर भी बदले गए हैं।





