Siwan Firecracker Blast: बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या पांच से बढ़कर 6 हो गई है। घटना के पांच दिन बाद क्षतिग्रस्त घर के मलबे से एक और शव मिला है।
दरअसल, बीते 23 अक्टूबर की शाम आलमपुर गांव में जोरदार धमाका हुआ था। पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जिस घर में पटाखा बनाया जा रहा था वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 20 से 25 मिनट तक लगातार धमाके होते रहे। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घटनास्थल पर भय और दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया।
शुरूआत में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई जबकि कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। घटना के पांच दिन बाद मंगलवार को राहत और बचाव कार्य के दौरान घर के किचन के मलबे से एक शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि शव लापता मुस्कान सिद्दीकी की हो सकती है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पांच दिनों तक मलबे को क्यों नहीं हटाया गया। पांच दिनों तक पुलिस क्या कर रही थी। ऐसे कई सवाल इलाके के लोगों के मन में हैं।
सीवान से फैयाज़ अली की रिपोर्ट..





