Bihar News: बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में लापरवाही के आरोप में जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विस्फोट की सूचना मिलते ही जामो बाजार थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी ने भी मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वाड और मेडिकल टीम को बुलाया गया।
वहीं, वैज्ञानिक तरीके से जांच करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल, घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच और साक्ष्य संकलन का काम किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले में प्राप्त बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जिम्मेदारी सीआई महाराजगंज को सौंपी गई है। पुलिस विस्फोट के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। वहीं, थाना स्तर पर लापरवाही के आरोप में जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सीवान पुलिस ने विस्फोट में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि जांच और साक्ष्य संकलन का काम लगातार जारी है। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध होने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
रिपोर्ट- फैयाज अली, सीवान





