PATNA: बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज पटना में मुकेश अंबानी की कंपनी जियो मार्ट के साथ साथ फ्लिपकार्ट और बिग बास्केट जैसी होम डिलेवरी कंपनियों के गोदाम में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान चौंका देने वाली जानकारियां सामने आयीं. इन होम डिलेवरी कंपनियों के जरिये लोग जो सामान मंगवा रहे हैं, उनकी गुणवत्ता भगवान भरोसे मिली.
जियो मार्ट में कबूतर के बीट के बीच खाद्य सामग्री
बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रिलायंस रिटेल लिमिटेड यानि जियो मार्ट के जेठूली, पटना सिटी के वेयरहाउस का निरीक्षण किया. वहां कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थ खुले स्थान पर रखे पाए गए। इसके अलावा फर्श पर गंदगी थी. वहां कबूतर की मौजूदगी थी और उसके कारण गंदगी फैली हुई थी.
बिहार सरकार ने कहा है कि जियो मार्ट की ये गड़बड़ियां खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लाइसेंसिंग एवं पंजीकरण) नियमों के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं। सरकारी टीम ने वहां से मलाई पनीर का सैंपल लिया गया एवं जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है.
दीदारगंज स्थित जियो मार्ट में भी गड़बड़ी
रिलायंस रिटेल लिमिटेड के दीदारगंज, गौरीचक स्थित प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं अखाद्य पदार्थों को एक साथ रखा पाया गया. वहां खाद्य पदार्थों के भंडारण के लिए स्वच्छ वातावरण का अभाव भी सामने आया. सरकारी टीम ने हल्दी पाउडर और तीखी मिर्च पाउडर का सैंपल लिया गया एवं जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है.
रिलायंस रिटेल को 14 दिनों का नोटिस
बिहार सरकार ने रिलायंस रिटेल के दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर निर्देश दिया है कि 14 दिनों के भीतर सभी गड़बड़ी को दूर कर सरकार को जानकारी दें. अगर इस दौरान सारी गड़बड़ियों को दूर नहीं किया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए जा सकते हैं। इसके बाद नियमानुसार लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
फ्लिपकार्ट वेयरहाउस, बिहटा में कार्रवाई
बिहटा स्थित फ्लिपकार्ट वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान टाटा टी गोल्ड 500 ग्राम के पैकेटों पर अंकित बैच नंबर और कार्टन पर अंकित बैच नंबर में अंतर पाया गया। इस अनियमितता के मद्देनजर ऐसे 293 पैकेटों की बिक्री पर रोक लगा दी गई। इन पैकेटों की कुल अनुमानित कीमत 84,970 रुपये है। साथ ही, चायपत्ती की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूना लेकर कर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित एवं उपयुक्त भंडारण व्यवस्था नहीं होने के कारण केक-पेस्ट्री के 31 पीस, आटा के 170 पैकेट, कुकीज के 70 पैकेट, कॉफी के 60 पैकेट, चिप्स के 24 पैकेट और सीरियल फ्लेक्स सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ को नष्ट कर दिया गया. इसके अतिरिक्त, 550 टोट बॉक्स (सर्विस बॉक्स) गंदे और क्षतिग्रस्त पाए गए. इनके उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई. फ्लिपकार्ट के गोदाम से टाटा टी गोल्ड चायपत्ती और टाटा हल्दी पाउडर के नमूने भी संग्रहित किए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिग बास्केट के वेयरहाउस पर भी छापा
बिहार सरकार की टीम ने पटना के मंहगूपुर चिरौरा स्थित बिग बास्केट वेयरहाउस का भी इंस्पेक्शन किया. इस दौरान वेगन टोफू गोल्ड, बारबेक्यू सॉस एवं जीरा पाउडर के नमूने लेकर गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया.
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। साथ ही, जल निकासी की समुचित व्यवस्था का भी अभाव पाया गया। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान को 14 दिनों का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।





